टीम मित्राय जयपुर की ओर से जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बापू स्कूल में बच्चों को स्वेटर, जर्सी और गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को भी गर्म वस्त्र वितरित किए। कार्यक्रम में स्कूली छात्रों को हेलमेट लगाओ जान बचाओ अभियान की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में करौली एएसपी गुमनाराम, डीईओ इंद्रेश तिवारी, डाइट प्रिंसिपल पुष्पेंद्र शर्मा, जिला उपभोक्ता मंच सदस्य सुरेंद्र चतुर्वेदी, हॉकी राजस्थान सचिव अरुण सारस्वत, बबलू शुक्ला ने बच्चों को स्वेटर जर्सी प्रदान किए। राजकीय बापू स्कूल में शहर के तीन सरकारी स्कूल के बच्चों को स्वेटर, जर्सी प्रदान किए। इस मौके पर जरूरतमंद लोगों को भी कंबल-लोई भेंट की गई। एएसपी गुमनाराम ने टीम के सामाजिक सरोकार की सराहना की। साथ ही एएसपी ने पुलिस की ओर से 1 जनवरी से शुरू किया जा रहे हेलमेट लगाओ जीवन बचाओ अभियान को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। टीम मित्राय के डॉक्टर विनीत और रश्मि ने बताया कि उनकी टीम प्रतिवर्ष सर्दी में स्वेटर जर्सी कंबल वितरण करती है। इस बार स्वेटर जर्सी वितरण की शुरुआत मदन मोहनजी नगरी करौली से की गई है। उन्होंने बताया कि इस साल राजस्थान में 10 हजार से अधिक जर्सी और गर्म वस्त्रों के वितरण का लक्ष्य रखा है। इस दौरान उन्होंने तीन स्कूल में बिछाने के लिए फर्श सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए 31 हजार रुपए की राशि भी भेंट की। डॉ. विनीत ने बताया कि सर्दियों में हर साल मित्राय द्वारा अभियान चलाया जाता है। लगातार 13 वर्षों से वो अभियान चलाते आ रहे हैं। इस दौरान 50 हजार से अधिक गर्म वस्त्रों का वितरण किया जा चुका है। डॉ. विनीत ने करौली में टीम मित्राय की ओर से विभिन्न कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।


