ऑफिस से लंच करने घर जा रहे स्कूटर सवार सीए के साथ दिनदहाड़े बदमाशों ने मारपीट कर दी। इसमें सीए गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मामला शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के गांधीनगर इलाके का है। यहां होटल अमर पैलेस के पास सीए रघुराज(52) पिता मनोहर सिंह लोढ़ा का ऑफिस है। वे लंच करने ऑफिस से अपने घर कांचीपुरम के लिए निकले थे। लेकिन जैसे ही वे गणेश मंदिर के निकट पहुंचे तो दो बाइक पर 4 से 5 नकाबपोश बदमाश उनके पास आए। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उनके साथ लोहे की रॉड और पाइप से मारपीट शुरू कर दी। लोढ़ा ने बताया- वो चीखते चिल्लाते रहे और मारपीट करने का कारण पूछते रहे, लेकिन बदमाश नहीं रुके। मारपीट से बचने के लिए वो मंदिर के पास में ही एक पोर्च एरिया में चले गए। जहां लोगों के इकट्ठा होने पर बदमाश वहां से भाग निकले। बाद में मौके पर मौजूद लोग उन्हें शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां से महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे। फिलहाल हॉस्पिटल में उनका इलाज जारी है। सूचना पर प्रताप नगर थाने के एएसआई राजेंद्र पाल महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे और घायल लोढ़ा के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस ने सीए लोढ़ा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है।


