प्रभु यीशु के जन्म का अभिनव मंचन:पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय-2 में छात्रों ने सांता बन दिया भाईचारे और प्रेम का संदेश

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक -2 भोपाल में प्राथमिक विभाग के बच्चों ने सोमवार को क्रिसमस उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर बच्चों ने सांता क्लॉज बनकर आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया, जबकि नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रभु ईसा मसीह के जन्म उत्सव को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय में सजाए गए क्रिसमस ट्री और प्रभु ईसा मसीह के जन्म की महिमा को बताते हुए किया गया। इस दौरान कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों ने नाटक के जरिए प्रभु ईसा मसीह के जन्म की घटना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों ने मरियम, युसुफ़, चरवाहे, स्वर्गदूत, राजा और ज्योतिषी का किरदार निभाते हुए इस धार्मिक घटना को आकर्षक तरीके से मंच पर प्रस्तुत किया। इस नाटक में विपरीत परिस्थितियों में एकजुट रहने और मिलजुल कर काम करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। सांता क्लॉज के रूप में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य प्रस्तुत किया, जो कि दर्शकों के दिलों को छू गया। विद्यालय की उप प्राचार्या अंजना धनराजू और प्रधानाध्यापिका सुषमा गुप्ता ने बच्चों को आशीर्वचन देकर उनका हौंसला बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री पी के बेदुए ने बच्चों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सामंजस्य के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा, “भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहाँ हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए।” प्राचार्य ने कार्यक्रम का समापन क्रिसमस पर्व और नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाध्यापिका सुषमा गुप्ता और पाठ्य सहगामी क्रियाकलाप प्रभारी अंजू मारिया के कुशल नेतृत्व में हुआ। इस आयोजन में सभी प्राथमिक शिक्षकों का भी विशेष योगदान रहा, जिससे यह कार्यक्रम और भी सफल और यादगार बना।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *