झारखंड में शुक्रवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ अन्य हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा चल सकती है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से झारखंड होते हुए एक टर्फ लाइन गुजर रही है। यह टर्फ लाइन झारखंड के लिए फायदेमंद रहेगा। इसकी वजह से 19 मई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। झारखंड में अभी भी वैसी गर्मी नहीं पड़ी है, जिस तरह की गर्मी इस समय पड़नी चाहिए। 3 दिनों में गिर सकता है अधिकतम तापमान 16 मई से तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके बाद बारिश का दायरा बढ़ेगा। 19 मई तक पश्चिमी भाग को छोड़कर अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। इसके अगले 3 दिनों में इसमें तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा खूंटी का
पिछले 24 घंटे में राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 44.6 एमएम हाटगम्हरिया (पश्चिम सिंहभूम) में दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 17 मई को भी लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ शेष हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा चल सकती है। हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। वहीं, वज्रपात की भी संभावना है। वहीं, 18 और 19 मई को राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा का झोंका चल सकता है। वज्रपात की भी संभावना है।


