200 मीटर दौड़ में गोल्ड हासिल कर बढ़ाया मान:खेलो इंडिया यूथ गेम्स बिहार में सिसई महुआडीपा के साकेत मिंज ने लहराया अपना परचम

मुनेश्वर साहू| सिसई खेलो इंडिया यूथ गेम्स बिहार 2025 में सिसई प्रखंड अन्तर्गत सकरौली महुआडीपा गांव के होनहार धावक साकेत मिंज ने झारखंड का परचम लहराते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-18 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में उन्होंने मात्र 21.54 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि ने न केवल गुमला जिले को, बल्कि पूरे झारखंड को गर्व से भर दिया है। साकेत मिंज की यह जीत उनके अथक मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। प्रतियोगिता के दौरान देशभर से आए धावकों के बीच उन्होंने अपने अद्भुत स्पीड और धैर्य का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साकेत मिंज की यह उपलब्धि झारखंड के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल है और यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अद्वितीय प्रतिभाएं छिपी हुई हैं, जिन्हें यदि सही दिशा और अवसर मिले तो वे विश्व मंच पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। साकेत के पिता नहीं है और गांव महुआडीपा स्थित घर में ही छोटा मोटा किराना दुकान है जिसे उसकी मां उर्मिला देवी चलाती है और उसी से साकेत का घर परिवार किसी तरह चलता है लेकिन साकेत ने हिम्मत नहीं हारा। विषम परिस्थितियों के बावजूद, साकेत ने पांच वर्षों तक बेसिक ट्रेनिंग डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र, महुवाडीपा प्रशिक्षण केंद्र में नियमित अभ्यास कर उत्कृष्टता हासिल की एवं प्रतिभा की धनी साकेत का चयन वर्ष 2022 में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया साई, रांची में हुआ और कोच विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में तैयारी करते हुए यह सफलता हासिल की है। वहीं साकेत ने बताया कि बाल कृष्णा प्लस टू हाई स्कूल रांची में इंटर आर्ट्स का छात्र हूं और इस बार 12 वीं का परीक्षा दिया हूं। पढ़ाई के साथ साथ दौड़ की भी सुबह और शाम दोनों टाइम तैयारी करता था। अपनी इस सफलता का श्रेय मैं अपनी माता के साथ साथ मेरे पूर्व कोच संदीप कुमार एवं वर्तमान कोच विनोद कुमार सिंह एवं अन्य अपने गुरुजनों एवं दोस्तों को देना चाहूंगा। जिसने हमेशा अच्छे से मार्गदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं खेलो इंडिया, गुमला के कोच महावीर राम लोहरा, थाना प्रभारी सिसई संतोष कुमार सिंह, समाजसेवी रोहित शर्मा ने साकेत मिंज के इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साकेत मिंज।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *