भास्कर न्यूज|गढ़वा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में नगर परिषद के द्वारा टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। हालांकि टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति उन क्षेत्रों में की जा रही है जहां फिलहाल पेयजल की गंभीर समस्या है। इस संबंध में बताया गया कि वर्तमान समय में छह टैंकर के माध्यम से नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जरूरत पड़ने पर टैंकरों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। जानकारी देते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की गंभीर समस्या है। वैसे क्षेत्रों में नगर परिषद के द्वारा टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। ताकि लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या नहीं झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है। उस क्षेत्र के लोग नगर परिषद के कर्मचारी रामानुज प्रसाद के मोबाइल नंबर 6299240642 पर संपर्क कर इसकी सूचना दे सकते हैं। ताकि उन्हें भी पेयजल मुहैया कराया जा सके। विदित हो कि गढ़वा शहरी जलापूर्ति योजना के तहत होने वाली पेयजल आपूर्ति फिलहाल बाधित है। इस संबंध में बताया गया है कि इंटक वेल में मेंटेनेंस, सर्विसिंग, क्लीनिंग का कार्य जारी रहने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित है। ऐसे में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति होने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद के द्वारा सभी वार्डों में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जानी चाहिए। ताकि सभी वार्ड के लोगों को पेयजल की समस्या नहीं झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कई ऐसे क्षेत्र हैं। जहां पेयजल की समस्या होने के बावजूद वहां टैंकर नहीं पहुंच पाती है। ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर नगर परिषद के द्वारा टैंकर से पेयजल आपूर्ति किए जाने की आवश्यकता है। नगर परिषद क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गढ़वा शहरी जलापूर्ति योजना के तहत बनाए गए इंटक वेल में मेंटेनेंस, सर्विसिंग और क्लीनिंग का कार्य होने के कारण फिलहाल नगर परिषद के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित है। ऐसे में नगर परिषद के द्वारा सभी वार्ड के सभी क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जानी चाहिए। ताकि किसी भी वार्ड के लोगों को पेयजल की समस्या नहीं झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही गढ़वा शहर में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में यहां अस्थाई पेयजल समस्या का समाधान होना चाहिए।


