जालंधर बायपास की सब्जी मंडी में अव्यवस्थाएं, बैठक में ठेकेदारों की गैरमौजूदगी पर अध्यक्ष गिल भड़के

भास्कर न्यूज |लुधियाना जालंधर बायपास पर स्थित सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था से लेकर अवैध कब्जों तक की समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं। इन मुद्दों को सुलझाने के लिए मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने मंडी में काम करने वाले ठेकेदारों की बैठक बुलाई, मगर सफाई और कचरे के ठेकेदार गैरहाज़िर रहे। इस पर नाराज़गी जताते हुए चेयरमैन ने उन्हें मंगलवार को दूसरा नोटिस जारी कर जुर्माना भी लगाया। गिल ने स्पष्ट कहा कि मंडी में सफाई न होने और ठेकेदारों द्वारा नोटिस का जवाब न देने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरजीत सिंह गिल ने बताया कि कई रेहड़ी-फड़ी वालों ने सब्जी मंडी के अंदर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे सफाई व्यवस्था और भी प्रभावित हो रही है। गिल ने सभी फड़ी वालों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जितनी जगह दी गई है, वे उसी में दुकान लगाएं। आढ़तियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि उनके एरिया में परचून की रेहड़ियां न लगें। चेयरमैन ने कहा कि आढ़तियों को सब्जी और फल बेचने के लिए स्थान दिया गया है, लेकिन कुछ आढ़ती छोटे दुकानदारों को जगह देकर अवैध कब्जा करवाने में लिप्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही ये कब्जे नहीं हटाए गए, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोबारा बैठक के निर्देश दिए: गिल ने बताया कि सफाई और कचरा उठाने के ठेकेदारों को मंगलवार को दोबारा नोटिस भेजा गया है और उन्हें बैठक में शामिल होने का अंतिम अवसर दिया गया है। अगर इस बार भी ठेकेदार गैरहाज़िर रहते हैं या जवाब नहीं देते हैं, तो ठेका रद्द करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों की मनमानी नहीं चलेगी। मंडी में सफाई व्यवस्था और अवैध कब्जों पर इन्हें काम करना ही होगा। मंडी में अभी बहुत बदहाली देखी जा रही है। इससे जनता ही नहीं दुकानदार भी काफी परेशान हैं। चेयरमैन गिल ने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही कार्रवाई शुरू होगी। उन्होंने आढ़तियों को चेतावनी दी कि परचून की रेहड़ियों को हटाया जाए, वरना सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे इस पर कड़ी निगरानी रखें। गुरजीत सिंह गिल ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन से अपील की है कि सब्जी मंडी में अवैध कब्जों को हटाने में मार्केट कमेटी का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मंडी को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इतना ही नहीं उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की है कि सभी लोग अपनी-अपनी दुकानों के आगे कचरा पेटी रखें और उसी में कचरा डलवाएं। मंडी का जब भी काम खत्म हो तो अपनी-अपनी दुकानों के सामने का कचरा भी कचरा पेटी में ही डालें। तभी गंदगी पर काबू पाया जा सकता है। गंदगी व अवेध कब्जों से परेशानी सिर्फ दुकानदारों को ही नहीं जनता को भी हो रही है। मंडी में जो भी खरीददारी करने आता है उनका सड़क पर चलना दूभर हो जाता है। बदबू से दुकानदार बीमार होने की शिकायतें बढ़ रहीं हैं: मंडी में कूड़े की बदबू से दुकानदार बीमार होने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। चेयरमैन ने कहा कि आने वाले गर्मियों के मौसम में यह गंदगी गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में गंदगी और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिल ने स्पष्ट किया कि पिछली ठेकेदारी में जो भी लापरवाहियां हुईं, अब वह दोहराई नहीं जाएंगी। उन्होंने ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी कि अगर अब काम में लापरवाही बरती गई तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *