दो स्थानों पर पुल बनाने के लिए राशि मंजूरी के बावजूद देरी

भास्कर न्यूज|बालोद जिले में मानसून की दस्तक जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह में हो सकती है। ऐसा अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इस लिहाज से मानसून की बौछार पड़ने में सिर्फ एक माह का समय रह गया है। ऐसे में लोगों को बाढ़ से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दरअसल जिले के तीन स्थानों मंे लोगों को बाढ़ से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से पुल निर्माण कराने राज्य शासन ने मंजूरी दी है बावजूद जनता को सुविधा मिलने में देरी हो रही है। इसकी मुख्य वजह सेतु विभाग व पीएमजीएसवाई में सामंजस्य नहीं होना, राशि मंजूरी के बाद टंेडर प्रक्रिया पूरा नहीं हो पाना है। गुंडरदेही ब्लॉक के मोहंदीपाट-भरदाकला-जे वरतला मार्ग में सिब्दी-भरदाकला के बीच नाला पर 70 मीटर लंबा पुल निर्माण कराने राज्य शासन ने मंजूरी देकर 2021-22 के बाद 2025-26 के बजट में शामिल किया है लेकिन अब तक सर्वे नहीं हो पाया है। इस प्रोजेक्ट को पीएमजीएसवाई ने कोर नेटवर्क (अपने अधीन सड़क में पुल बनाना) में शामिल किया है। जो 2021 से अब तक फाइल में ही कैद है। न खुद काम करवा रहे और न ही सेतु विभाग को अनुमति दे रहे हैं। 30 अक्टूबर 2021 को लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग दुर्ग के ईई ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के ईई को पत्र भेजकर कार्य के संबंध मंे जानकारी मांगी थी। वहीं इस साल बजट में शामिल होने के बाद अप्रैल माह में सेतु विभाग की ओर से एनओसी के लिए पत्र भेजा गया है। दो बार पत्र भेज चुके है लेकिन तस्वीर जस की तस है। हर साल मानसून सीजन में ज्यादा बारिश होने की वजह से नाला में बाढ़ की स्थिति बनती है। पुराने पुल के ऊपर 3-4 फीट पानी बहने से आवाजाही बंद हो जाती है। सेतु विभाग के एसडीओ टीएन संतोष और पीएमजीएसवाई के ईई एस. ध्रुव इस संबंध में कुछ कहना नहीं चाह रहे हैं। वहीं गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बजट में दो बार पुल शामिल हो चुका है लेकिन क्या दिक्कत आ रही है, यह विभागीय अफसरों से चर्चा करने के बाद ही बता पाऊंगा। 1- सेमरिया बोरी नाला- जिला मुख्यालय से 17 किमी दूर लाटाबोड़-चारवाही-भें गारी मार्ग पर स्थित ग्राम बोरी (लाटाबोड़) सेमरिया नाला में 3 करोड़ 11 लाख 86 हजार रुपए की लागत से 75 मीटर लंबा और 8.40 मीटर चौड़ा पुल निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण कार्य शुरू कराने वर्ष 2023 में राशि स्वीकृति के बाद वर्चुअल भूमिपूजन हो चुका है लेकिन अब तक सेतु विभाग निर्माण एजेंसी तय नहीं कर पाई है। वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कब तक एजेंसी तय होने के बाद काम शुरू होगा। इस संबंध में कोई बता नहीं पा रहे है। 2- चिपरा-किल्लेकोड़ा जुझारा नाला- डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम चिपरा से किल्लेकोड़ा मार्ग के बीच जुझारा नाला में 65 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा पुल निर्माण प्रस्तावित है। काम पूरा कराने के लिए दो साल पहले शासन स्तर से 2.11 करोड़ प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। सेतु विभाग की ओर से दो बार टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है लेकिन एजेंसी तय नहीं हो पाई है। लिहाजा मामला अटका हुआ है। विभाग का तर्क है कि टेंडर जारी होने के बाद सिर्फ एक ही एजेंसी आवेदन कर रही है। जब एक से ज्यादा आवेदन आएगा, तब एजेंसी फाइनल होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *