भास्कर न्यूज | सेन्हा सेन्हा अंचलाधिकारी मोदस्सर नजर मंसूरी द्वारा थाना परिसर में गुरुवार को थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अंचलाधिकारी के द्वारा सेन्हा थाना क्षेत्र के जमीन विवाद से संबंधित मामलों का निपटारा किया गया। वहीं बताया गया कि घटा तुरीटोली, सेरेंगहातु, अरु, मन्हे के ग्रामीणों द्वारा थाना में जमीन संबंधित आवेदन दिए गए थे। जिस पर अंचलाधिकारी द्वारा मामले पर संज्ञान में लेते हुए दोनों पक्ष के सामने सभी विवादित मामलों का निपटारा किया गया। वहीं उन्होंने कहा कि थाना दिवस पर जमीन से संबंधित छोटे मोटे मामलों का त्वरित निपटारा अंचल के माध्यम से किया जाता है। ताकि ग्रामीणों को कोर्ट कचहरी का चक्कर लगाना नहीं पड़े। वहीं कहा कि जिन मामलों का निपटारा अंचल के द्वारा नहीं हो सकता वैसे मामलों को न्यायालय द्वारा निपटारा कराने के लिए अग्रसारित किया जाता है। जिससे ग्रामीणों को उचित न्याय मिल सके। मौके पर थाना प्रभारी वारिश हुसैन, साहबान अंसारी, सचिन उरांव, समसुद्दीन अंसारी, तेम्बुवा उरांव, महाबीर उरांव, फूलकुमारी भगताइन, वचन टाना भगत उपस्थित थे। चैनपुर | चैनपुर थाना क्षेत्र के छिछवानी के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। डीपाटोली से चैनपुर साप्ताहिक बाजार जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान डीपाटोली निवासी चिंता लोहारानी (50 वर्ष) पति प्रदान लोहारा, आशा बखला (38 वर्ष) पति स्प्रियनिश बखला, जनावल निवासी अनीता बड़ा (47 वर्ष) पति सर्द लोहरा, और शोषण टोप्पो (46 वर्ष) सहित पांच अन्य के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, तीन महिलाओं चिंता लोहारानी, आशा बखला और अनीता बड़ा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया है। चैनपुर पुलिस इस घटना की जांच में जुट गई है। गुमला | रायडीह थाना क्षेत्र के सीलम पंचायत के कुलमुंडा गांव में बम विस्फोट होने से 57 वर्षीय असरू मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तत्काल उसे सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के उपरांत उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वह बकरी खोजने जंगल की ओर गया था तभी मेड़ में उसे एक बम मिला उसने बम को उठाया और दबाने लगा तभी बम विस्फोट हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बम का छर्रा उसके पेट में घुस गया जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके दोनों हाथ में भी चोट लगी। आवाज सुनकर घर के लोग दौड़े दौड़े पहुंचे और उसे सदर अस्पताल लेकर आए। परिजनों ने बताया जंगली सूअर को मारने के लिए ग्रामीणों ने मेड़ में बम रख दिया था। गर्मी के करण बम को दबाते ही वह ब्लास्ट कर गया। परिजनों ने बताया जंगली सूअर को मारने और जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा को लेकर किसी ग्रामीण ने मेड़ में बम रख दिया था। जिसकी चपेट में वह आ गया। वही उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।


