राजधानी रायपुर के निजी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 3 बच्चों का सफल ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हुआ। बैकुंठपुर क्षेत्र के तीन बच्चों में पत्रापाली की 4 वर्षीय नित्या, आनी की 6 वर्षीय संगीता और सरडी की 5 वर्षीय सृष्टि देवांगन शामिल हैं। इन बच्चों को चिरायु योजना के अंतर्गत चिन्हित कर उपचार के लिए भेजा गया था। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम 0 से 18 साल तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करता है। इसमें जन्म दोष, बीमारियां, पोषण की कमी और विकास संबंधी समस्याओं की पहचान की जाती है। चिन्हित बच्चों को मुफ्त इलाज दिया जाता है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्य सफल हुआ। जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशरफ अंसारी और चिरायु नोडल अधिकारी डॉ. अभय जुगल तिर्की ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों की नियमित जांच की जा रही है। इससे समय रहते बीमारियों की पहचान और इलाज संभव हो पा रहा है।


