स्वदेशी जागरण मंच जिला सवाईमाधोपुर शाखा की ओर से स्वदेशी के महानायक बाबू गेनू का बलिदान दिवस कार्यक्रम गुरूवार को मनाया गया। इसे लेकर स्वदेशी जागरण मंच की ओर से एमडीएस स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें स्वावलंबी भारत के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शहीद बाबू गेनू को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य वक्ता व स्वावलंबी भारत के जिला समन्वयक गोवर्धन कुमावत ने अपने उद्बोधन में एम.डी.एस. स्कूल के विद्यार्थियों को युवा शहीद बाबू गेनू की पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में बताया। उन्होंने युवा शहीद बाबू गेनू के बारे में कहा कि उनका हृदय देशभक्ति व राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत था। मात्र 22 साल की आयु में अंग्रेजों के अत्याचारों के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए उन्होंने कई सत्याग्रहों में भाग लिया और जेल भी गए। भारत में विदेशी कपड़ों एवं वस्तुओं का बहिष्कार हो और लोग स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करे। इसके लिए वे टोलियां बनाकर प्रतिदिन 8 से 10 घंटे घर-घर समझाइश करते थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंच के विभाग संयोजक संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आज का स्वावलंबी व आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर भारत शहीद बाबू गेनू की स्वदेशी की कामना को साकार कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मंच जिला संयोजक हनुमान प्रसाद शर्मा ने कहा कि उनका बलिदान दिवस युवा पीढ़ी में देशप्रेम जागृत करने का दिवस है। कार्यक्रम में मंच पदाधिकारी धीरज सिंह, हुकुम नामा, विजेंद्रपाल सिंह सहित एम.डी.एस. विद्यालय के शिक्षक गण व विद्यार्थी सम्मिलित हुए।


