पंजाब के अमृतसर में हाल ही में घटित एक अमानवीय घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। बीते दिनों मंगलवार BRTS टर्मिनल पर एक बुज़ुर्ग गुरनाम सिंह को उनकी पकड़ी उतार कर पेशाब साफ करवाया गया। इस घटना की जानकारी जब निहंग संगठनों को मिली तो उन्होंने पीड़ित के सिर पर पगड़ी सजाई और आरोपी बीआरटीएस कर्मचारी को माफी मांगने पर मजबूर किया। पीड़ित गुरनाम सिंह एक बुजुर्ग हैं, जो किसी काम से खंडवाला से अमृतसर बस स्टैंड पहुंचे थे। गुरनाम सिंह ने बताया कि वह बीते दिन जब बीआरटीएस बस स्टैंड स्टॉप पर पहुंचे तो इसी दौरान उन्हें चक्कर आ गया और उनका पेशाब निकल गया। ये देख वहां खड़े अन्य कर्मचारी ने उसी समय गुरनाम सिंह पर दबाव बनाया और उनके सिर पर रखी पगड़ी उतरवा उससे पेशाब साफ करवाया। निहंग संगठन पहुंचे सम्मान में निहंग सिंह जत्थेबंदियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल करते हुए गुरनाम सिंह के सिर पर सम्मान के रूप में नई पगड़ी सजाई और उन्हें उनका खोया आत्मसम्मान लौटाया। सामाजिक कार्यकर्ता वरुण सरीन और निहंग जत्थेबंदियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह घटना इंसानियत को शर्मसार करने वाली थी, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित गुरनाम सिंह, जो एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं, इस घटना के बाद मानसिक रूप से बहुत आहत हुए थे। श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होगा आरोपी सिख निहंग संगठनों के पहुंचने के बाद बीआरटीएस कर्मचारी को अपनी गलती का अहसास हुआ। जिसके बाद उसने बुजुर्ग गुरनाम सिंह से माफी मांगी। विश्वास दिलाया कि आगे से कभी ऐसी हरकत नहीं करेगा और सभी का सम्मान करेगा। वहीं, निहंग संगठनों ने आदेश दिया है कि आरोपी बीआरटीएस कर्मचारी अब खुद श्री अकाल तख्त साहिब पर पेश होगा और अपनी गलती के लिए माफी भी मांगेगा।


