लाड़ली बहना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को मिली राशि
अनूपपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी जिले के तहसील गोपदबनास (सीधी खुर्द) में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से लाडली बहना योजना तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों तथा गैर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना श्रेणी की लाडली बहना हितग्राहियों को अनुदान राशि का हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। इस कार्यक्रम को कलेक्ट्रेट स्थित सोन सभागार सहित जिले के जनपद व नगरीय एवं ग्रामीण निकायों में देखने एवं सुनने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगणों के साथ ही बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे। जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित सोन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित लाडली बहनें एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राही उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से अनूपपुर जिले के 01 लाख 27 हजार 291 लाड़ली बहनों के खातों में तथा गैस सिलेण्डर रिफिल अनुदान योजना के लिए जिले के लाड़ली बहनों के खातों में एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत जिले के हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित कर हितलाभ प्रदान किया। मध्यप्रदेश शासन द्वारा समाज के निर्धन, निराश्रित तथा वृद्ध जनों, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहिता एवं दिव्यांगजनों के लिए सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से संचालित पेंशन योजनाओं में प्रति हितग्राही 600 रुपये की आर्थिक सहायता का हितलाभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के लगभग 56.83 लाख से अधिक हितग्राहियों को राशि रुपये 341 करोड़ का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया। इसी तरह महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाडली बहना योजना के प्रदेश के 1.27 करोड़ लाडली बहनों को राशि रुपये 1551.89 करोड़ रुपये तथा गैस सिलेण्डर रिफिल अनुदान योजना के लिए प्रदेश के 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 30.83 करोड़ रुपये का वितरण सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया।


