जबलपुर मेडिकल कॉलेज में ब्लड नहीं मिला, मरीज की मौत:स्टाफ ने बाहर किया, बेटा ठंड में शव लेकर बैठा रहा; अधीक्षक बोले- जानकारी नहीं

जबलपुर मेडिकल कॉलेज में ब्लड नहीं मिलने पर मरीज ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने शव को बाहर रख दिया। 16 साल का बेटा कड़ाके की ठंड में पिता के शव को लेकर पेड़ के नीचे बैठा रहा। रात में गश्त के दौरान गढ़ा पुलिस थाना के स्टाफ की नजर लड़के पर पड़ी। जिसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस की व्यवस्था की और शव को लेकर लड़के के गांव छोड़कर आई। जब मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर अरविंद शर्मा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा – मुझे इसकी जानकारी नहीं है कि ब्लड न मिल पाने के कारण किसी मरीज की मौत हो गई। इस विषय में ड्यूटी डॉक्टर ही जानकारी दे सकेंगे। यह भी हो सकता है किसी और कारण से मरीज की मौत हुई है। जानकारी ली जा रही है। 16 साल के बेटे से खून का इंतजाम करने काे कहा
करेली के ग्राम गढ़ाई में रहने वाले नर्मदा प्रसाद सिलावट को दो दिन पहले नरसिंहपुर जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। नर्मदा प्रसाद के बेटे नारायण ने बताया, पिता को खाने-पीने में तकलीफ हो रही थी। मेडिकल कॉलेज आने के बाद काफी आराम भी मिला, लेकिन बुधवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। डॉक्टर ने कहा कि जल्दी से खून का इंतजाम करो। 16 साल का बेटा पिता के लिए खून का इंतजाम करता रहा, लेकिन ब्लड नहीं मिल पाया। पिता की मौत के बाद स्टाफ ने रात करीब 11 बजे शव को मेडिकल कॉलेज के बाहर रख दिया। बेटे के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह पिता के शव को गांव तक ले जा सके। वह शव के पास ही बैठ गया। पुलिस ने खाना खिलाया, एम्बुलेंस बुलाई
रात करीब 2.30 बजे गढ़ा थाना पुलिस गश्त करते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंची तो उनकी नजर पेड़ के नीचे बैठे लड़के पर पड़ी। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि इलाज के दौरान बड़े भाई-भाभी और चाचा थे। जैसे ही पिता की मौत हुई बिना बताए चले गए। पुलिस ने पहले लड़के को खाना खिलाया। फिर तड़के 3 बजे शव के साथ करेली रवाना करवाया। लड़के को देखा तो स्टाफ को सूचना दी
गढ़ा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी अनिल यादव ने बताया, रात को गश्त के दौरान मेडिकल कॉलेज के बाहर लड़का बैठा था। उसके पास पैसे नहीं थे। हमने अपने स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद और भी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की व्यवस्था की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *