छिंदवाड़ा में बीते 24 घंटे से लगातार तापमान में गिरावट देखी जा रही है। बुधवार रात को भी लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर संत कुमार शर्मा ने बताया कि आज सुबह छिंदवाड़ा में सर्द हवाओं के साथ शहरी क्षेत्रों में तापमान 7.6 डिग्री और ग्रामीण क्षेत्रों में 4.7 रहा। उत्तरी हवाओं के कारण शीतलहर लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में शीतलहर के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है, अगले 72 घंटे में भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नजर आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई होने के कारण तापमान और भी कम दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि कुछ दिनों के बाद तापमान सामान्य रहेगा। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक लगातार ठंड तेजी से बढ़ रही है आने वाले समय में मौसम के तेवर और भी सर्द रह सकते हैं। उत्तरी हवाओं के कारण लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। नहीं बदला सुबह की पाली के स्कूलों का समय पिछले दो दिनों से मौसम काफी सर्द है। ठंड को देखते हुए स्कूलों में भी बच्चों की उपस्थिति कम रही, बावजूद इसके जिले में निजी और शासकीय स्कूल में सुबह के पाली में लगने वाली शालाओं का टाइम नहीं बदला गया है। सुबह से ही स्कूल लग रहे हैं, जिसके कारण स्कूली बच्चों को परेशानी की सामना करना पड़ रहा है।


