शनिवार को रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल समाधान शिविरों और तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। रायपुर लोकसभा के धरसीवां विधानसभा के पंडरभट्ठा और खरोरा में समाधान शिविर लगाए गए। यहां सांसद पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी सरकार जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। “अब जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, समाधान अब गांव में ही हो रहा है।” सांसद ने 300 से अधिक युवाओं को लर्निंग लाइसेंस समाधान शिविर में दिया। अलग-अलग योजनाओं में हितग्राहियों को प्रमाणपत्र और सामग्री किट बांटी। शिविर में लगे स्वास्थ्य विभाग की जांच में ग्रामीणों में टीबी, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का पता चलने पर इलाज के निर्देश दिए और गांव के लोगों को दवाएं भी मुहैया करवाई गई। तिरंगा यात्रा, राष्ट्रीय गौरव का उत्सव
पंडरभट्ठा और खरोरा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यह यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की रणनीतिक दृढ़ता के सम्मान में आयोजित की गई थी। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया। विकास कार्यों की घोषणाएं
सांसद अग्रवाल ने कई विकास कार्यों की घोषणा की। शिविर के दौरान आत्महत्या के एक मामले में पुलिस विभाग द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर सांसद ने संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई और निष्पक्ष जांच का निर्देश दिए। परिजनों का आरोप था कि संबंधित एसआई ने पैसे लेकर जांच को दबा दिया था। सांसद अग्रवाल ने रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 11 लाख पौधे लगाने के महाअभियान की घोषणा करते हुए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।


