एक महिला ने अपने ही सगे भाई से 18.24 लाख रुपए का लोन लेकर धोखाधड़ी कर दी। रकम लौटाने की बजाय आरोपी बहन ने भाई को फर्जी चेक थमा दिए। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गगन जैन, निवासी अगर-नगर, ऑटो पार्ट्स का कारोबार करता है। उन्होंने बताया कि उनकी सगी बहन सविता जैन ने कारोबार के लिए उनसे 18.24 लाख रुपए उधार लिए थे। तय समय पर जब बहन ने पैसे नहीं लौटाए तो उन्होंने कई बार रकम मांगी। इसके बाद सविता ने उन्हें कुछ चेक दे दिए, लेकिन जब गगन जैन वह चेक बैंक में जमा करवाने पहुंचा, तो पता चला कि चेक पर किए गए सिग्नेचर फर्जी हैं। गगन जैन ने इसकी शिकायत थाना डिवीजन-5 में दी। जांच के बाद पुलिस ने सविता जैन, निवासी अगर नगर, के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


