सिंगरौली जिले की माडा इलाके में रहने वाली एक लड़की की उसके घर वाले पढ़ाई बंद करवा के उसकी मर्जी के विरुद्ध शादी करना चाह रहे थे। जैसे ही यह जानकारी लड़की को लगी तो वह घर छोड़कर गायब हो गई और देर शाम कलेक्टर के दफ्तर पहुंच गई। जहां उसने रो-रो कर कलेक्टर को पूरा हाल बताया। लड़की का कहना था कि घर वाले उसकी जबरदस्ती शादी करना चाहते हैं। लेकिन जब तक मेरी पढ़ाई कंप्लीट नहीं हो जाती और मैं कुछ बन नहीं जाती तब तक मैं शादी नहीं करूंगी। अगर मेरी जबरदस्ती शादी की गई तो मैं खुद को खत्म कर दूंगी। इसके बाद कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लड़की की रात में ही काउंसलिंग कराई और समझा बूझकर उसे घर भेजा। कार्यालय में कलेक्टर ने कराई युवती काउंसिलिंग कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि लड़की काफी परेशान थी। घर छोड़कर आई थी और मेरे सामने बैठकर रो रही थी। दिन भर से उसने खाना भी नहीं खाया था। उसकी प्रॉपर तरीके से महिला बाल विकास के काउंसलर ने काउंसिलिंग रात में ही कराई और उसे तहसीलदार के साथ वापस घर भेजा गया है। साथ ही उसके घर वालों को भी यह समझाया की बेटी जब तक पढ़ना चाहती है। उसे पढ़ने दीजिए आर्थिक रूप से कोई समस्या आती है, तो जिला प्रशासन बिटिया की मदद करेगा।


