भास्कर न्यूज|अमृतसर निगम में अलग-अलग ब्रांचों के एचओडी के हाजरी रिपोर्ट देने में देरी करने की लापरवाही से 835 आउटसोर्स मुलाजिमों का वेतन दो माह लटका हुआ है। एडिश्नल कमिश्नर 6 दिनों में 3 बार रिपोर्ट सौंपने का आदेश जारी कर चुके। बीते 16 मई को भी आदेश जारी किया था कि सायं 4 बजे तक हर हाल में हाजरी भेज दी जाए। हिदायत दी जाती है कि 19 मई को सुबह 10:30 बजे मीटिंग में समय पर मौजूद होंगे। साथ ही अपने अधीन काम कर रहे स्टॉफ को हिदायत दी जाए कि आउट सोर्स के जरिए काम कर रहे मुलाजिमों का पैन कार्ड व मोबाइल नंबर की लिस्ट तैयार करके आएंगे। बता दें कि पहले निगम अफसरों की तरफ से बताया जा रहा था कि पुरानी कंपनी छोड़कर चली गई। इसलिए सैलरी नहीं मिल पाई है। जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ अलग ही नजर आ रही है। लगातार आदेश के बाद भी रिपोर्ट फाइनल करके नहीं दिए। अलग-अलग विभागों के एचओडी हाजरी रिपोर्ट देने में लापरवाही बरत रहे। बता दें कि बीते 12 मई को आदेश जारी हुआ था कि 13 मई तक हर हाल में रिपोर्ट सौंपना सुनिश्चित करें। फिलहाल, 19 मई को होने जा रही मीटिंग में सारा-कुछ क्लियर होने की उम्मीद जताई जा रही है। चूंकि एडिश्नल कमिश्नर ने अब सख्त लहजे में आदेश जारी किया है। यदि लापरवाही बरती तो सख्त कार्रवाई भी हो सकती है।


