लोगों का आरोप- मोहल्ले में सरेआम बिकता है नशा, नहीं होती कार्रवाई

भास्कर न्यूज | अमृतसर/तरनतारन अमृतसर के गांव बासरके गिलां और तरनतारन के मोहल्ला मुरादपुरा में 2 युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वहीं परिजनों का कहना है कि मौत नशे के कारण हुई है।घरिंडा के अधीन आते गांव बासरके गिलां में मृतक राजविंदर सिंह (28) के पिता मनजीत सिंह ने कहा कि बेटे की मौत नशे के ओवरडोज से हुई है। गांव में सरेआम नशा बिक रहा है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। हालांकि परिवार ने पुलिस को बिना सूचित किए शव का संस्कार कर दिया। घटना शुक्रवार सुबह 9 बजे की है। मनजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब बेटे को नींद से उठाने के लिए गए तो उसकी मौत हो गई थी। वहीं तरनतारन के मोहल्ला मुरादपुरा में वार्ड 15 निवासी लवप्रीत सिंह (30) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि लवप्रीत की मौत नशे के कारण हुई है। यहां लंबे समय से नशा सरेआम बिक रहा है, जिस कारण अब तक कई युवा मौत के मुंह में जा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, लवप्रीत सिंह बीती शाम किसी के घर में मौजूद था। इस दौरान परिजनों को सूचना मिली के बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जिसे निजी अस्पताल ले जाया गया मगर उसकी मौत हो गई। लोगों का कहना था कि आप सरकार युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम चला रही है मगर ग्राउंड लेवल पर हकीकत कुछ अलग ही है। गांव बासरके गिलां के सरपंच सक्तर सिंह ने कहा कि युवक की संदिग्ध हालात में मौत होना दुखद है। युवक नशे का आदी था। उसकी शादी हुई थी, लेकिन पत्नी तालाक देकर पहले ही जा चुकी है। सूचना मिलने के बाद थाना घरिंडा एसएचओ अमोलकदीप सिंह मौके पर पहुंचे और सरपंच सहित परिवार के साथ मुलाकात की। एसएचओ अमोलकदीप सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि युवक नशा करने का आदी था। 3 महीने से बीमार चल रहा था। बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है। गांव में नशा बिकने जैसी कोई बात नहीं है। सरपंच ने खुद डेढ़ सौ लोगों की एक टीम बनाई है, जो अपने तौर पर गांव में नशेड़ियों और तस्करों पर खास ध्यान रखते हैं। मुरादपुरा का लवप्रीत सिंह 5 बहनों का इकलौता भाई था। लवप्रीत की 2 बेटियां और 1 बेटा है। मोहल्ला निवासी तरसेम सिंह, मनजीत सिंह, लखनजीत सिंह लक्की, अमनदीप सिंह, सुख हलवाई, प्रदीप सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि लवप्रीत सिंह कि मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है मगर कुछ नेता मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। लखनजीत सिंह लक्की ने कहा कि उसके भाई जोबनजीत सिंह (30) की 25 सितंबर 2024 को नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। कई और नौजवान की मुरादपुरा में नशे की ओवरडोज के कारण मौत के मुंह में जा चुके हैं। नौजवान की मौत की खबर सुनते ही कांग्रेसी नेता व जिला वाइस प्रधान करणबीर सिंह बुर्ज परिवार से दु:ख जताने मुरादपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सहायता राशि भी भेंट की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *