चिंगावरम बस विस्फोट की 15वीं बरसी पर सुकमा पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते कहा कि नक्सली जब अपने हथियार डालेंगे, तभी सरकार उनसे बात करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस एक भी गोली नहीं चलाना चाहती, लेकिन नक्सलियों की ऐसी घटनाओं को देखकर बस्तर के लोग कब तक सहते रहेंगे। मालूम हो कि नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के प्रवक्ता ने बुधवार को अपना पांचवा पत्र जारी कर युद्ध विराम और शांतिवार्ता की बात कही थी। इसका जवाब देते डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार उनसे बात करने को तैयार है, बशर्ते कि नक्सली पहले अपने हथियार डालें। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प है कि एक भी गोली न केंद्र सरकार चलाना चाहती है और न ही राज्य सरकार। इधर चिंगावरम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में डिप्टी सीएम विजय शर्मा व वनमंत्री केदार कश्यप सड़क मार्ग से शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने विस्फोट में शहीद जवानों व मारे गए यात्रियों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने हर एक सदस्य से सीधा संवाद करते उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने बम ब्लास्ट में मारे गए यात्रियों व जवानों के परिजनों को जल्द से जल्द मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। मालूम हो कि अब तक इन प्रभावितों को किसी तरह की सरकारी मदद नहीं मिली है। रजिस्ट्री की 10 नई सेवाओं से लोगों को राहत : चौधरी रजिस्ट्री में 10 क्रांतियां पर शनिवार को सुकमा के ऑडिटोरियम एजुकेशन सिटी जावंगा गीदम में कार्यशाला हुई। यहां वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार लोगों के जीवन में बदलाव के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। इसी प्रक्रिया में पंजीयन विभाग में आम जनता की सुविधा, सेवा के लिए 10 नई सुविधाओं की पहल की है। नवीन सुविधाओं में जमीन के रिकॉर्ड को आधार कार्ड से जोड़ने की पहल की जा रही है। सरकार सुगम एप का संचालन कर आमजनों को जमीन की खरीदी बिक्री की सुविधा दे रही, साथ ही विक्रय वाले स्थल में पेड़ों पर पंजीयन शुल्क का जीरो किया गया है। सभी राजस्व रिकॉर्ड को डिजिटलाइजेशन करने की प्रक्रिया की जा रही है। क्रेता-विक्रेता की पहचान सीधे आधार नंबर और बायोमैट्रिक के माध्यम से की जाएगी, जिससे फर्जी रजिस्ट्री की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। खसरा नंबर दर्ज कर संपति की पूर्व रजिस्ट्री की जानकारी देखी जा सकती है।


