नेपाल के रास्ते बिहार में घुसने की फिराक में आतंकी:इंडो-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, सुपौल SP बोले- स्लीपर सेल के सदस्यों को पहचानना मुश्किल

भारत-पाक तनाव के बीच खुफिया विभाग की ओर से आतंकी घुसपैठ का अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल के रास्ते बिहार में आतंकी घुसपैठ की कोशिश में हैं। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, बांग्लादेश और पाकिस्तान से जुड़े 10 से ज्यादा आतंकी किशनगंज के ठाकुरगंज के रास्ते बिहार में घुसने की फिराक में हैं। यह संदिग्ध आतंकी ग्रुप बांग्लादेश के जमात-उल-मुजाहिदीन, हरकत-उल जिहाद अल-इस्लामी और बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी जैसे कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं। आतंकी घुसपैठ का इनपुट मिलने के बाद बिहार के सीमावर्ती जिलों में चौकसी बढ़ा दी गई हैं। सशस्त्र सीमा बल (SSB) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने किशनगंज, सुपौल, किशनगंज, अररिया और सीतामढ़ी में गश्त बढ़ा दी है। वीरपुर, निर्मली और कोसी नदी के दियारा क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। बिहार के इन 7 जिलों की बॉर्डर नेपाल से लगती है किशनगंज SP बोले- स्लीपर सेल के खिलाफ कार्रवाई शुरू किशनगंज SP सागर कुमार ने बताया- ‘सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों की चौकियां अलर्ट पर हैं। सुरक्षा कर्मियों को सादे कपड़ों में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर तैनात किया गया है।’ ‘बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध स्थिति से निपटा जा सके। इसके अलावा, वाहनों की सघन चेकिंग और सीमा पर चेकिंग अभियान को बढ़ावा दिया गया है।’ स्लीपर सेल की पहचान करना चुनौती- SP सुपौल SP ने बताया- ‘स्लीपर सेल के आतंकवादी आम लोगों के बीच रहकर साधारण जीवन जीते हैं, जिससे उनका पहचानना बेहद मुश्किल हो जाता है। ये आतंकवादी अपने लक्ष्यों की पहचान करते हैं और हमले की तैयारी में जुटे रहते हैं। उनकी मदद करने वाले स्थानीय लोगों की पहचान करना भी एक चुनौती है।’ सुपौल SP बोले- 3-4 दिन पहले मिला था इनपुट सुपौल के SP शैशव यादव ने बताया- ‘पाकिस्तान और बांग्लादेश से आतंकवादी नेपाल के रास्ते बिहार में घुसने की फिराक में हैं। मैंने शुक्रवार शाम भीमनगर थाने का औचक निरीक्षण किया। गश्ती और रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित SSB की भीमनगर बीओपी का भी दौरा किया। ड्रोन कैमरे से बॉर्डर की निगरानी मधुबनी जिले के जयनगर सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। SSB जवान और जिला पुलिस की टीम दिन-रात बॉर्डर पर गश्ती कर रही है। ड्रोन कैमरों की मदद से पगडंडी सड़कों की भी निगरानी की जा रही है। 48वीं वाहिनी SSB के उप कमांडेंट विवेक ओझा ने बताया कि ‘सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सीमा पर चौकसी बढ़ा दिया गया है। बॉर्डर से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ की कोशिश को तुरंत नाकाम किया जा सके।’ नेपाल के PM बोले- आतंकवाद के खिलाफ नेपाल भारत के साथ नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारत को भरोसा दिलाया है कि नेपाल की जमीन का भारत विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। फिर भी ISI और बांग्लादेशी कट्टर संगठनों की कथित सक्रियता ने चिंता बढ़ा दी है। नेपाल-भारत बार्डर पर बढ़ी चौकसी ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर पहले से ही अलर्ट जारी है। वहीं, खुफिया एजेंसियों से मिले इस अलर्ट के बाद बिहार-नेपाल की 729 किमी खुली सीमा को संवेदनशील मानते हुए निगरानी और बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। ISIS के आतंकियों को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा इंडो-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट के बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को 2023 के पुणे IED मामले में ISIS के स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े दो फरार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी इंडोनेशिया के जकार्ता में छिपे हुए थे और जैसे ही वे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (T2) पर भारत लौटे, इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद NIA की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। यह मामला पुणे में IED (बम) बनाने और उसका परीक्षण करने से जुड़ा है। NIA दोनों से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *