जमशेदपुर में रविवार को एक अनूठी सिंदूर यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा एग्रिको से शुरू होकर गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित शहीद स्थल तक पहुंची। भाजपा विधायक पूर्णिमा दास साहू के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। महिलाएं अपने हाथों में सिंदूर और कलश लेकर देश के शहीदों को नमन करने पहुंचीं। शहीद स्थल पर महिलाओं ने कलश में सिंदूर भरा। यह सिंदूर आर्मी कैंप में जवानों के मस्तक पर तिलक के रूप में लगाया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकली यात्रा यह यात्रा पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य उन सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना था जो सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि वे ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर देश की महिलाएं भी मातृभूमि की रक्षा के लिए हथियार उठाने को तैयार हैं।


