डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध विदिशा के माधवगंज चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह के पुतले का दहन किया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने पुतले को छीनने की कोशिश की और वॉटर केनन का उपयोग किया। कांग्रेसी पानी के बौछार होने पर भी गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस नेता चीनू भारद्वाज ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद जो की पवित्र मंदिर है वहा पर संविधान के भगवान अंबेडकर जी का अपमान किया है। इसके बाद उन्होंने माफी नहीं मांगी, इसके विरोध में पुतला दहन किया है। वह जब तक माफी नहीं मांगते तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे और आगे भी हम उग्र आंदोलन करेंगे । कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि संसद में देश के संविधान के रचयिता को जो कहा उससे पूरे देश की जनता में आक्रोश है। हम बाबा साहब के अपमान को नहीं सहेंगे। जगह-जगह उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। हमारी मांग है कि गृहमंत्री अमित शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं, मौके पर मौजूद एडीएम ने पुतला दहन से इंकार किया। उनका कहना था कि पुतला दहन करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुतला दहन से पहले ही प्रशासन ने लोगों को पुतला दहन करने से रोक दिया।


