पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र में सांप्रदायिक दंगे भड़काने के मकसद से खेतों में संभावित गौमांस फेंका गया। जानकारी मिलने के बाद हिंदू व सिख समुदाय के लोग इकट्ठे हुए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने इसे भावनाओं से खिलवाड़ और धार्मिक उकसावे की साजिश बताया। यह घटना अमृतसर के अजनाला के गुज्जापीर रोड स्थित खेतों में सामने आई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मांस के टुकड़ों को कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अजनाला गुरविंदर सिंह औलख ने जानकारी देते हुए बताया कि वेटरनरी विभाग को जांच के लिए बुलाया गया है और यह स्पष्ट किया जा रहा है कि बरामद मांस किस अन्य पशु का है या गाय का। उन्होंने कहा कि यदि यह गौमांस साबित होता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिंदू समुदाय को भड़काने की कोशिश स्थानीय लोगों ने कहा कि यह साजिश है, हमारे धर्म को चोट पहुंचाने की। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी समुदाय की धार्मिक भावना से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। वेटरनरी एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई डीएसपी अजनाला गुरविंदर सिंह औलख ने बताया कि अभी जांच चल रही है। वेटरनरी एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रिपोर्ट से ही साफ हो पाएगा कि ये गौमांस है या कुछ और। माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वडोदरा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया था अमृतसर से भेजा गोमास बीती 29 अप्रैल को अमृतसर से मुम्बई के लिए गौमांस की डिलीवरी रेलवे के माध्यम से भेजी गई थी। अमृतसर से मुंबई सेंट्रल भेजा जा रहा 1200 किलो गोमांस इनपुट के आधार पर वडोदरा रेलवे स्टेशन पर जब्त किया गया था। यह पूरी कार्रवाई गुजरात के वडोदरा रेलवे पुलिस ने संयुक्त गौ रक्षा दल पंजाब और एफएसएल से पुष्टि के आधार पर की। इस दौरान 16 पेटी गोमांस जब्त किया गया था।


