गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में यातायात प्रभारी भूपेंद्र कुर्रे की सरकारी बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। डुमरिया गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार संतोष विश्वकर्मा दूर फेंका गए। इससे उनका फीमर बोन में फ्रैक्चर हो गया। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। हादसा 17 मई को दोपहर और शाम के बीच हुआ। संतोष पेंड्रा की ओर जा रहा था। अपोजिट साइड से आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। संतोष ने बचने के लिए बाइक को खेत की ओर मोड़ा। लेकिन वाहन ने दूसरी ओर से टक्कर मार दी। इससे वह दूर जा गिरा। यातायात प्रभारी ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक्स-रे में बोन फ्रैक्चर मिला। डॉक्टरों ने बिलासपुर रेफर कर दिया। यातायात प्रभारी ने घायल को मात्र 4000 रुपए देकर छोड़ दिया। संतोष अस्पताल में दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक इंतजार करते रहे। जिसके बाद रात 12 बजे संजीवनी एक्सप्रेस से उन्हें बिलासपुर भेजा गया। गौरेला थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। यातायात प्रभारी ने न तो उच्च अधिकारियों को सूचना दी और न ही पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। थाने में शिकायत दर्ज नहीं संतोष विश्वकर्मा दिहाड़ी मजदूर हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस हादसे ने उनके सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। दूसरी ओर, यातायात प्रभारी भूपेंद्र कुर्रे के खिलाफ गौरेला थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग स्थानीय निवासियों का कहना है कि यातायात प्रभारी का काम सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन जब वे स्वयं नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे होगी। इस मामले में पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है।


