हिमाचल की राजधानी शिमला में एक छात्रा ने 12वीं कक्षा में दूसरी बार फेल होने पर सुसाइड कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि छात्रा लगातार दूसरी बार परीक्षा में फेल होने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। इससे उसने गहरी खाई में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने न्यू शिमला थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। बता दें कि बीते शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया। इसमें वह दूसरी बार फेल हुई है। शिमला में परिवार के साथ रहती थी मृतक युवती दीक्षा सिरमौर जिला की रहने वाली थी और वह शिमला में किराए के कमरे में अपने परिवार के साथ रहती थी। मृतका की पहचान दीक्षा निवासी गोरवा गांव सिरमौर के तौर पर हुई है। मृतक छात्रा के पिता शिमला में मजदूरी करते हैं। मैहली-शोघी बाइपास पर लगाई छलांग पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा दीक्षा ने मैहली से शोघी बाईपास सड़क पर बडागांव के पास स्थित पुल से नाले में छलांग लगाई, जिसमें उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना न्यू शिमला की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।


