भास्कर न्यूज |पाटन पाटन प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को पाटन थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान थाना प्रभारी लालजी व पुलिसकर्मियों ने सभी विभागीय कक्षों का अवलोकन कराया और छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यदि हम संविधान के अनुसार जीवन जिएं तो समाज में अपराध की संभावना नहीं के बराबर रह जाती है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। थाना प्रभारी लालजी ने कहा कि आज का युवा वर्ग दिशा भटक रहा है, जिससे आत्महत्या और हत्या जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों की समझ युवाओं के लिए जरूरी है। उन्होंने छात्रों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर तुरंत पुलिस सहायता ली जा सकती है। छात्रों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों में कानून के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ी। मौके पर एसआई शैलभ कुमार, एएसआई कृष्ण प्रजापति, एएसआई मिथुन कुमार, प्राचार्य संतोष कुमार, शिक्षक सलीमुद्दीन अंसारी, दीपिका कुमारी सहित अन्य पुलिस कर्मी व शिक्षक मौजूद थे।


