सीसीएल बरका सयाल एरिया में सीबीआई की 30 सदस्यीय टीम ने सोमवार सुबह 10 बजे छापा मारा। सीबीआई की यह कार्रवाई सीसीएल के रोड सेल में व्याप्त भ्रष्टाचार और कोयला हेराफेरी से संबंधित मामले को लेकर की जा रही है। टीम ने बरका सयाल जीएम ऑफिस, उरीमारी, बिरसा और सयाल परियोजना कार्यालयों पर एक साथ कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने रोड सेल से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा विभाग, सेल्स, कांटा के कर्मियों से घंटों पूछताछ की है। इस दौरान मोबाइल फोन जब्त किए गए। महत्वपूर्ण दस्तावेज, खाता-बही और रसीदें खंगाली गईं। अधिकारियों के अनुसार, कई तकनीकी दस्तावेज और लेनदेन से जुड़ी जानकारी की गहराई से जांच की जा रही है। सुरक्षा विभाग के अधिकारी से भी पूछताछ : सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा विभाग के अधिकारी एके सिंह से भी गहन पूछताछ की गई है। सीबीआई को शक है कि कोयले की चोरी और अवैध ढुलाई में सुरक्षा विभाग की मिलीभगत हो सकती है। सीबीआई की कार्रवाई से बरका सयाल के कर्मचारियों में खलबली मच गई। कई अधिकारियों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए रोका गया है। बाहर संपर्क करने से भी रोक है। क्या है पूरा मामला: बताया जा रहा है कि सीबीआई को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र में रोड सेल के माध्यम से कोयले की अवैध बिक्री और तौल में गड़बड़ी की जा रही है। इस सिलसिले में रांची स्थित सीबीआई यूनिट ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई थी, जिसे सोमवार को अंजाम दिया गया।


