पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तार हुई है। ज्योति का कोई सियासी कनेक्शन भी था इसे लेकर सोशल मीडिया बहस जारी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा ने आलोचना की है। शुकला ने एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें ज्योति मल्होत्रा को भारतीय जनता पार्टी की टोपी पहने दिखाया गया था। हालांकि यह एआई जेनरेटेड एक फोटो थी। इसके बाद पंकज झा की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई इस लंबी पोस्ट में शुक्ला के लिए झा ने काफी कुछ लिख दिया।
ये है झा की पोस्ट में
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पंकज झा की पोस्ट में उन्होंने िलखा-कांग्रेस के चुनिन्दे बच गये मनुष्यों में से एक आपको मैं मानता हूं। लेकिन, आप भी अगर इतनी गिरी और घटिया हरकत करेंगे, तो कैसे चलेगा भला? आपकी पार्टी का कलंक यह है कि बकायदा ऐसा भी प्रवक्ता है आपके यहां, जिन्हें बदजुबानी और झूठ फैलाने के जुर्म में छः महीने की सजा तक हुई है। पर आप तो निजी तौर पर बचिए ऐसी चीजों से कृपया। अगर बिना कुटिलता अथवा झूठ के आपकी पार्टी का कोई भी काम हो ही नहीं सकता हो, तो यह काम उन हिस्ट्रीशीटर्स आदि को करने दीजिये, जो भरे पड़े हैं आपके यहां। सजा तक मिल जाती है फिर भी बेशर्मी से अगले अपराध के लिए जुट जाते हैं, फेक न्यूज फैलाने लग जाते हैं। विवाद देखते हुए शुक्ला ने पोस्ट डिलिट की, इसपर पंकज झा ने उनका धन्यवाद किया।
फिर शुक्ला ने ये कहा
इस ममाले में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- उसकी फोटो भले ही वो टोपी वाली न हो, मगर एक वीडियो में उसने खुद कहा है कि बीजेपी से संबंधित है । बीजेपी के एक मुख्यमंत्री के सलाहकार ने उसकी फोटो अपलोड की थी तो भाजपा तो खुद मान रही है कि वह बीजेपी की है वह जो फोटो है भले वह फोटो उसकी वास्तविक ना हो, मगर उसने भारतीय जनता पार्टी का आवरण ओढ़ रखा है।
जासूसी की आरोपी ज्योति का वीडियो
कांग्रेस नेता RP सिंह ने एक वीडियो पोस्ट किया है, इसमें वो पाकिस्तान बॉर्डर पर हरियाणा BJP कहती सुनाई दे रही है। इसी की वजह से कांग्रेस भाजपा पर ज्योति को लेकर आरोप लगा रही है। ज्योति के पकड़े जाने के बाद क्या पता चला
जासूसी के आरोप में पकड़ी गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पहलगाम हमले से पहले पाकिस्तान गई थी। हरियाणा के हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने रविवार दोपहर को कहा कि पाकिस्तानी उसे एसेट के तौर पर डेवलप कर रहे थे। वह स्पॉन्सर्ड ट्रिप पर पाकिस्तान जाती थी।
ज्योति की भारत से निकाले गए पाकिस्तानी अफसर दानिश से नजदीकी थी। उसके यूट्यूब चैनल ‘ट्रैवल विद जो’ पर अपलोड किए गए वीडियो से ही इस बात का पता चला। इसके बाद पूछताछ में ज्योति ने इस बात की पुष्टि की। शशांक कुमार ने कहा- केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर ज्योति को गिरफ्तार किया गया है। वह पाकिस्तान में ISI के संपर्क में थी। पुलिस उसके बैंक खातों, मोबाइल और लैपटॉप की जांच कर रही है। उसका खर्च आमदनी से कहीं ज्यादा था। इस मामले में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
कौन है ज्योति मल्होत्रा, 4 पॉइंट में जानिए
आम घर की लड़की, लग्जरी लाइफ की शौकीन: ज्योति हिसार में न्यू अग्रसेन कॉलोनी में रहती थी। जहां उसका 55 गज का छोटा सा मकान है। जिसमें 3 छोटे-छोटे कमरे बने हैं। ज्योति के पिता कारपेंटर हैं, मगर कमाई कुछ खास नहीं होती। घर का खर्च चाचा की पेंशन से चलता था। ज्योति माता-पिता की इकलौती संतान है। 20 साल पहले माता-पिता का तलाक भी हो चुका है। वह इस जिंदगी से ऊब गई थी, इसलिए उसने लग्जरी लाइफ जीने का फैसला किया।
दिल्ली में 20 हजार की नौकरी की: ज्योति की सारी पढ़ाई हिसार में हुई। यहां के FCJ कॉलेज से उसने BA की पढ़ाई की। फिर दिल्ली चली गई, जहां उसे 20 हजार रुपए सैलरी पर नौकरी मिल गई। दिल्ली वह PG में रहती थी। घर वह कभी-कभार ही आती थी। 2020 में जब कोरोना काल आया तो कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया। वह हिसार लौट आई। उस वक्त उसे यहां कोई नौकरी नहीं मिली।
बेरोजगार हुई तो वीडियो बनाने लगी: नौकरी छूटने के बाद ज्योति बेरोजगार हो गई। फिर उसने सोशल मीडिया पर देखा कि लोग ढेर सारे वीडियो बनाते हैं, जिसके बदले उन्हें रुपए मिलते हैं। दिल्ली में रहकर वह खुद को स्टाइलिश बना चुकी थी, इसलिए उसने भी फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर चैनल बनाकर वीडियो बनाने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे उसे इनके जरिए कमाई भी होने लगी।
आस-पड़ोस में ज्यादा बात नहीं करती थी: इस दौरान ज्योति अधिकतर समय बाहर ही रहती थी। ज्योति की घर की गली के नुक्कड़ पर ही किराना की दुकान है। वहां बैठे दंपती ने कहा कि ज्योति आस-पड़ोस के लोगों से बहुत कम बोलती थी। वह कभी दुकान पर सामान लेने भी नहीं आती थी। 3 दिन पूछताछ के बाद गिरफ्तार की गई
ज्योति मल्होत्रा की एक्टिविटी को पुलिस और भारत की खुफिया एजेंसियां काफी समय से ट्रैक कर रहीं थी। जब पुख्ता सबूत मिले तो गुरुवार (15 मई), सुबह 10 बजे पुलिस उसके घर आई। घर की तलाशी ली। ज्योति के अलावा पिता और चाचा समेत सबके मोबाइल जब्त किए। ज्योति का लैपटॉप भी कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ज्योति को थाने ले गई, मगर गुरुवार रात को 9 बजे पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। पिता हरीश मल्होत्रा ने बताया कि ज्योति ने घर लौटकर कहा कि पापा मुझे फंसाया जा रहा है। मैंने कोई गलत काम नहीं किया। शुक्रवार सुबह फिर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। फिर शुक्रवार रात को ही पुलिस उसे वापस घर लेकर आई। उससे जुड़ा सारा सामान जब्त कर पुलिस ज्योति को लेकर थाने लौट गई। तब पता चला कि ज्योति को गिरफ्तार कर लिया गया है।


