बोकारो में मंगलवार को तालाब में डूबने से मां और दो बेटियों समेत चार की मौत हो गई। घटना बरमसिया ओपी क्षेत्र के गम्हरिया गांव की है। हादस तब हुआ, जब मां बेटियों के साथ और गांव की एक महिला तालाब में नहा रही थी। मृतकों में बोकारो जिला परिषद में कार्यरत दिनेश दास की पत्नी लता दास (35), दो बेटियां शिखा किशोर (14) व तन्वी किशोर (9) और गांव की वृद्ध महिला शांति देवी (55) शामिल हैं। शादी में शामिल होने पहुंचा था परिवार दिनेश दास का परिवार शादी में शामिल होने के लिए एक सप्ताह पूर्व गांव आया था। मंगलवार को दिनेश दास को ड्यूटी पर बोकारो लौटना था। उनकी बड़ी बेटी शिखा के मना करने पर वे अकेले ही शहर चले गए। इधर, लता दास दोनों बेटियों को लेकर घर के पीछे स्थित तालाब में कपड़े धोने चली गईं। उसी तालाब में शांति देवी पहले से नहा रही थीं। तन्वी को बचाने में शिखा भी चली गई गहरे पानी में तन्वी नहाते समय गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने शिखा पहुंची और वह भी डूब गई। दोनों को डूबता देख लता दास और शांति देवी भी उन्हें बचाने तालाब में कूद गई, पर चारों गहराई में समा गईं। तालाब के दूसरे छोर पर नहा रहे एक व्यक्ति ने यह देखा और शोर मचाया। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला और इलाज के लिए पुरुलिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर बरमसिया ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। शवों को पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। दिनेश दास के परिवार में अब उनकी वृद्ध मां और एक छोटा बेटा शेष रह गए हैं। शिखा डीपीएस चास में 9वीं कक्षा की छात्रा थी जबकि तन्वी बोकारो के एक निजी विद्यालय में 5वीं में पढ़ती थी।


