मुंगेली जिले में 21 मई को आयुष्मान महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान में एक लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाएगी। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि अभियान सुबह 7 बजे से शुरू होगा। नेटवर्क की सुविधा नहीं होने वाले क्षेत्रों के लिए निकटतम नेटवर्क युक्त गांवों में कार्ड बनाए जाएंगे। जिले के तीनों विकासखंडों में अब तक 7 लाख 14 हजार 556 आयुष्मान कार्ड और 12 हजार 922 वय वंदना योजना कार्ड बन चुके हैं। महाअभियान में आयुष्मान कार्ड के साथ आधार कार्ड अपडेट और राशन कार्ड में नाम जोड़ने का काम भी होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, आयुष्मान कार्ड से बीपीएल परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए और एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलता है। वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जाती है।


