छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में घर के बाहर में सो रहे एक परिवार पर ग्रामीण ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे महिला के पीठ पर चोट आने से वह घायल हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने जुर्म कायम किया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम लाम्हीदरहा की रहने वाली दमयंती चौहान (30 साल) सोमवार की रात में अपने माता-पिता और दूधमुंहे बच्चे के साथ घर के बाहर में सो रही थी। तभी आज सुबह तकरीबन 5 बजे इसी गांव का विनोद एक्का घर के आंगन में आया और तुम लोगों को मार दूंगा, बोलकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। ऐसे में आंगन में सो रही दमयंती चौहान और उसके परिजनों की नींद खुल गई। विनोद गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर अपने हाथ में रखे कुल्हाड़ी से वार करने लगा। इससे दमयंती चौहान के पीठ पर चोट पहुंची और खून निकलने लगा। डायल 112 को सूचना दी गई
घटना को देखकर उसके परिजनों द्वारा हल्ला करने पर विनोद एक्का वहां से चला गया। इसके बाद तत्काल दमयंती के परिजनों ने मामले की सूचना डायल 112 में दी। जहां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। आरोपी को जेल दाखिल कराया गया
इसके बाद दमयंती चक्रधर नगर थाना पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया और मामले को जांच में लेकर आज आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


