केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का राजगढ़ पहुंचने पर सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के साथ शीतला माता सेवा समिति ने भव्य स्वागत किया। मंत्री ने स्वागत से गदगद होकर राजगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद नहीं थी कि रात्रि के समय महिला शक्ति के साथ इतनी भारी संख्या में लोग उपस्थित होंगे। चुनाव के दौरान पानी और अन्य समस्याओं की जानकारी मिली है, जो ईआरसीपी और अन्य तरीकों से समाधान किया जाएगा।” केंद्रीय मंत्री निर्धारित कार्यक्रम से करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचे, तो मालाखेड़ा गेट तक व्यापारियों और संगठनों सहित प्रमुख लोगों ने उनका स्वागत किया। राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, भाजपा नेता बन्ना राम मीणा, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, विजय मीणा और भाजपा पदाधिकारियों सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मालाखेड़ा गेट पहुंचे। यहां मंत्री ने मालाखेड़ा गेट के नए लुक और श्री राम दरबार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “इंद्र भगवान भी खुश हैं,” और पर्यटन स्थल झरना के विकास, पुस्तकालय के समग्र विकास, नगर परिषद और अन्य मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद उड़ीसा और महाराष्ट्र का कार्यभार होने के कारण समय नहीं मिल पाया, लेकिन मिलकर सभी काम किए जाएंगे। अमृत भारत स्टेशन के तहत राजगढ़ रेलवे स्टेशन का कार्य चालू है, और गोविंदगढ़ सहित अन्य स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव हो चुका है, मगर राजगढ़ में यह संभव नहीं हो पाया, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री के स्वागत के बाद किसी प्रकार की नई घोषणा न होने से लोगों में निराशा थी। इस मौके पर संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों के लिए ज्ञापन दिया। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सतीश दुहारिया, राहुल दीक्षित, अजय यादव, वीरेंद्र दाधीच, सुनीता प्रजापत, व्यापार संघ के अध्यक्ष बसंत गुप्ता, गायक कलाकार सुरजीत सिंह, संजय राजस्थानी, वकील निराला, खेम सिंह आर्य, मदनलाल शर्मा, मीना खंडेलवाल, प्रीति विजय, प्रीति शर्मा, वंदना शर्मा, उपखंड अधिकारी सुश्री सीमा खेतान, भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सोनू कुमारी और प्रशिक्षु तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे।


