रोजगार मेले के 14वें संस्करण के तहत सोमवार को रांची स्थित सीआरपीएफ केंद्र हुए कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 327 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। इन युवाओं की नियुक्ति सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, सशस्त्र सीमा बल, भारतीय डाक विभाग, रेलवे सहित भारत सरकार के विभिन्न विभागों में हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में 71000 युवाओं को भारत सरकार की विभिन्न संस्थाओं के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके लिए देश के 45 स्थान पर कार्यक्रम आयोजित हुए थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री सभी स्थानों पर जुड़े। रांची में सीआरपीएफ कैंप, सैंबो, धुर्वा में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित हुआ। यहां पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। इस अवसर पर रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा का भरपूर उपयोग नरेंद्र मोदी सरकार की प्राथमिकता है। पिछले 10 वर्षों से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों में सरकारी नौकरी देने का अभियान चल रहा है। बीते डेढ़ साल में करीब 10 लाख युवाओं को मोदी सरकार ने सरकारी नौकरी दी है।


