भास्कर न्यूज | कवर्धा भारतीय किसान संघ के सदस्यों ने जिले के ग्राम राम्हेपुर में स्थित एथेनॉल प्लांट का मंगलवार शाम 5 बजे घेराव कर तालाबंदी की। किसानों ने प्लांट के गेट पर चढ़कर ताला जड़ा। किसान संघ द्वारा 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर व उपमुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। किसान संघ द्वारा राम्हेपुर में धरना प्रदर्शन किया। जहां संघ के पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने कहा कि एथेनॉल बनाने वाली कंपनी केफार्म टेक्नोलॉजी प्रा. लिमिटेड ने किसानों को नकली पोटाश खाद बेचा। कंपनी ने उपज, नाम से बेचे गए खाद में पोटाश की मात्रा 14.5% बताई थी। जबकि छत्तीसगढ़ सरकार की फर्टिलाइजर क्वालिटी कंट्रोल लैब ने जांच में पाया कि पहले नमूने में पोटाश 1% और दूसरे में 3.5% ही था। लैब ने इसे अमानक घोषित किया है। जिले के किसानों को बड़े पैमाने पर बेची गई खाद पदाधिकारियों ने कहा कि यह खाद जिले के किसानों को बड़े पैमाने पर बेची गई। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ। फसलें भी प्रभावित हुईं। किसानों ने मांग की है कि कंपनी को तुरंत बंद किया जाए। उस पर कानूनी कार्रवाई हो। किसानों को मुआवजा दिया जाए। प्रभावित किसानों को पैसा लौटाया जाए। मौके पर जिला महामंत्री रुपेन्द्र तिलकवार आदि मौजूद रहे।


