लुधियाना रेलवे स्टेशन का 473 करोड़ रुपए की लागत से कायाकल्प हो रहा है। रेलवे स्टेशन पर मल्टी स्टोरी पार्किंग, रेस्ट हाउस के साथ-साथ रेलवे अस्पताल का काम भी पूरा हो चुका है। अब स्टेशन को एलिवेटेड रोड से जोड़ने के लिए बनाए गए एक्सपेंशन पर काम चल रहा है। आने वाले चंद दिनों में यह काम भी पूरा हो जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट का 45 फीसदी काम पूरा हो चुका है। लेकिन अभी भी मुख्य इमारत, रूफ शेड व दूसरे कुछ काम ऐसे हैं, जिनका काम अभी शुरू हुआ है। अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट को पूरा होने की डेडलाइन पहले अप्रैल 2026 रखी थी, जिसे 2 महीने बढ़ाया गया है। लेकिन जिस गति से काम चल रहा है। उससे इस प्रोजेक्ट में कुछ और भी देरी हो सकती है। लुधियाना रेलवे स्टेशन का पुर्ण निर्माण कार्य दिसंबर 2022 में एक निजी कंपनी को आबंटित किया गया था। इसके बाद साल 2023 में इसके निर्माण का काम शुरू हुआ। इस प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन पर 40 लिफ्ट, 31 एक्सलेटर, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 चार्जिंग प्वाइंट और पावर सब स्टेशन, 5 मंजिला ईमारत, इमारत पर ग्रीन एनर्जी के लिए सोलर प्लांट, अस्पताल का निर्माण, 200 वाहनों के लिए मल्टी स्टोरी पार्किंग, इसके साथ ही रेल मुलाजिमों के पुराने क्वार्टरों को तोड़ नए क्वार्टर बनाने का काम भी शामिल है। रूफ कवर शेड के लिए ब्लॉक लिया जाएगा रेलवे स्टेशन पर रूफ कवर शेड के लिए नींव का कार्य चल रहा है। 5,6,7 नंबर प्लेटफार्म पर यह कार्य जोरों पर है। नींव का कार्य पूरा होने के बाद रूफ कवर का कार्य किया जाएगा। रेलवे ट्रैफिक प्रभावित न हो, इसके लिए तय योजना के मुताबिक मंजूरी लेकर ब्लॉक लिए जाएंगे और यह कार्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे मुलाजिमों के लिए बनाए जाने वाले क्वार्टरों का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। उनकी फिनिशिंग की जा रही है। प्रोजेक्ट पर एक नजर: अस्पताल, रेस्ट हाउस और पार्किंग का निर्माण हो चुका 473 करोड़ से हो रहा कायाकल्प, प्रोजेक्ट की डेडलाइन अप्रैल 2026 थीइस प्रोजेक्ट के तहत अस्पताल व रेस्ट हाउस और पार्किंग का निर्माण हो चुका है। स्टेशन की मुख्य इमारत का भी ढांचा तैयार है और पहली मंजिल पर आरसीसी स्लैब डालने का काम चल रहा है। दूसरी साइड भी बिल्डिंग का फाउंडेशन बनकर तैयार है। उसका भी स्लैब का काम चल रहा है। माल गोदाम की तरफ भी अंडरग्राउंड वाटर टैंक के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। जहां से रेलवे स्टेशन को पानी की सप्लाई होगी। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और 3 पर फुट ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए भी फाउंडेशन पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर बनाए जाने वाले रूफ कवर के लिए नींव का कार्य पूरा किया जा रहा है।


