भास्कर न्यूज | दामापुर भारतीय सेना के अदम्य साहस व पराक्रम को नमन करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत पटुवा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में बच्चे, युवाओं और आम नागरिकों समेत जनप्रतिनिधियों ने हाथ में तिरंगा ध्वज लेकर भारत माता की जय, हिन्दुस्तान जिंदाबाद, वंदे मातरम, जयहिन्द, जय जवान के नारे लगाए। इस दौरान ग्रामीणों में देश के प्रति देशभक्ति की भावना और राष्ट्र प्रेम की झलक दिखाई दी। आम नागरिकों ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए एकता और अखंडता पर बल दिया। सरपंच राधा बघेल ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बताते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया है। जिन माताओं ने बेटा खोया, जिन बहनों का सुहाग उजड़ा और जिन बच्चों ने अपने पिता खोये उन सभी के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। आज देश के वीर जवानों के सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देश की सुरक्षा में हमारे सेना का महत्वपूर्ण योगदान है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी सेना ने आतंकवाद पर प्रहार किया। आज हम तिरंगा यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना के सम्मान के लिए एकजुट हुए हैं। यह गौरवान्वित होने का क्षण भी है कि हम सभी देश की एकता और अखंडता के लिये समर्पित होकर एकसाथ खड़े हुए हैं। इस मौके पर दिलीप बघेल, अशोक यदु, बोहित दास, चिंताराम चन्द्राकर, हरेंद्र यादव, बिरू डाहिरे उपस्थित थे। हम सब सेना के साथ हैं ग्राम पंचायत के उपसरपंच ददुआ चन्द्राकर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता व हमारे भारतीय सेना के शौर्य के तहत निर्दोष नागरिकों के जीवन को समाप्त करने वाले आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन चलाया गया। हमारे सैनिकों के इस पराक्रम को सलाम करते हुए देश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। शांतिपूर्ण, अनुशासित, संगठित व उत्साह से भरी तिरंगा यात्रा में लोग शामिल हुए। तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक, हम सेना के साथ है और ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामीणों ने भारत की जीत सशस्त्र बलों की सुरक्षा, सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों को धन्यवाद दिया।


