हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर के सुजानपुर में जल्द ही साहसिक गतिविधियों की शुरुआत होने जा रही है। यहां प्रोफेशनल स्तर पर पैरा मोटर ग्लाइडिंग और व्यास नदी में रिवर राफ्टिंग शुरू की जाएगी। अब साहसिक खेलों का आनंद लेने के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है। कुल्लू- मनाली की तर्ज पर सुजानपुर को भी साहसिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। एसडीएम की निगरानी में हुआ ट्रायल एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला की उपस्थिति में पैरा मोटर ग्लाइडिंग का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान टूरिज्म विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। पैराग्लाइडर पायलट ने टीहरा स्थित महलों से उड़ान भरी और सुजानपुर चौगान में सफल लैंडिंग की। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि टूरिज्म विभाग ने सुजानपुर की साइट को मान्यता दे दी है। पैराग्लाइडिंग के लिए रेट टूरिज्म विभाग द्वारा तय किए जाएंगे। पैराग्लाइडर पायलट एडवेंचर पसंद लोगों के साथ उड़ान भरेंगे। युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर : नेगी माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट मनाली के डायरेक्टर अविनाश नेगी के अनुसार, इन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वे एक बार पैराग्लाइडर या रिवर राफ्टिंग का उपकरण खरीदकर अपनी आजीविका चला सकते हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुजानपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के निर्देश दिए हैं। व्यास नदी में रिवर राफ्टिंग का ट्रायल भी जल्द किया जाएगा। इन साहसिक गतिविधियों से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


