अबोहर में एक्सीडेंट में 3 बच्चों के पिता की मौत:साइकिल पर पशु चारा ला रहा था; तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

अबोहर के गांव सप्पांवाली के पास बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय खेत मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीन बच्चों का पिता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव सैदांवाली निवासी ओम प्रकाश (60) बुधवार सुबह के समय पशुओं के लिए हरा चारा लेकर साइकिल पर सप्पांवाली से अपने घर लौट रहा था। गांव सप्पांवाली के निकट पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओम प्रकाश दूर जा गिरे और सड़क पर गिरते ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना मृतक के परिजनों और पुलिस को दी। थाना खुईयां सरवर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। मृतक के परिजनों ने कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही खेत मजदूर के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की भी मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और कार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार और साइकिल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओम प्रकाश मेहनती किसान मजदूर थे और अपने परिवार का भरण-पोषण ईमानदारी से करते थे। उनकी अकाल मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *