मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत के कठौतिया में कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशासन तिहार के समाधान शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंची थी। इस दौरान मंत्री के सामने कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजर चिंता तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए और फूट-फूटकर रोने लगी। ताराबहरा ग्राम पंचायत और आसपास की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सुपरवाइजर पर पैसों की मांग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। शिविर में मौजूद कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शिकायत सही पाए जाने पर सुपरवाइजर को निलंबित करने का आश्वासन दिया है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई जांच नहीं हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही कलेक्टर डी राहुल वेंकट और जिला महिला बाल विकास अधिकारी राजकुमार खाती को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला बाल विकास अधिकारी ने बताया कि एक साल पहले भी इसी तरह की शिकायत पर चिंता तिवारी को हटाया गया था। लेकिन अधिकारी के ट्रांसफर के बाद उन्हें फिर से उसी पद पर नियुक्त कर दिया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी सुपरवाइजर का सेक्टर बदला जाएगा और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।


