बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड में ग्राम तेंदूभाठा को स्वतंत्र राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने ग्राम पंचायत मटिया से अलग होकर तेंदूभाठा को स्वतंत्र राजस्व ग्राम बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने 11 अप्रैल को सुशासन तिहार के तहत ऑनलाइन आवेदन किया था। भुनेश्वरी कैवर्त्य के मुताबिक, तहसीलदार ने ग्राम सभा का प्रस्ताव मांगा था। लेकिन सचिव ने अभी तक यह दस्तावेज नहीं दिया। चंद्रमणि साहू ने बताया कि तहसीलदार ने 15 मई तक ग्राम सभा प्रस्ताव पेश करने को कहा था। सचिव ने जानबूझकर 16 मई को सभा बुलाई। गांव की 269 की आबादी में से 150 लोग मौजूद थे। फिर भी सचिव ने बिना चर्चा के सभा स्थगित कर दी। गौसाय साहू के मुताबिक सचिव ने झूठा दावा किया कि 10% जनसंख्या नहीं थी। जबकि ग्राम सभा में पर्याप्त संख्या में लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने कलेक्टर से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे ग्राम पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे और आंदोलन तेज करेंगे।


