छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गांव की गलियों में भालू के घूमने का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में भालू को मोहल्ले में घूमते देखा गया। जिसके बाद वन विभाग ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। दरअसल, यह वीडियो गुरुर वन परिक्षेत्र के ग्राम नारागांव का है। जहां पिछले कई दिनों से भालू गांव के आसपास मंडराता देखा जा रहा था। अब भालू का यह वीडियो गांव के खम्हन साहू के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। गांव के आस-पास अकेले घूमते नजर आ रहा – उप सरपंच नारागांव के उप सरपंच जगन्नाथ साहू ने बताया कि रानीमाई, सियादेही और नारागांव के रास्तों में अक्सर जंगली भालू देखे जाते हैं। लेकिन हाल के दिनों में एक भालू गांव के आसपास भी भोजन और पानी की तलाश में भटकता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि यह भालू संभवतः बुजुर्ग हो चुका है और अपने झुंड से अलग होकर अकेले ही विचरण कर रहा है। गांव के आसपास उपलब्ध पानी और खाने के स्रोतों से ही वह अपनी भूख और प्यास मिटा रहा है। मांस-मछली की खुशबू में कई बार भालू गांव तक आ जाते हैं – एसडीओ वन विभाग की एसडीओ डिम्पी बैस ने बताया कि कांकेर जिले में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां मांस-मछली की खुशबू से भालू मोहल्लों तक पहुंच जाते हैं। नारागांव में भी ऐसी ही स्थिति हो सकती है। गर्मी के दिनों में भालू अक्सर जंगल के आसपास के गांवों में नजर आते हैं और जहां उन्हें भोजन आसानी से उपलब्ध हो जाता है, वहां वे चले जाते हैं। नारागांव में भालू देखे जाने की जानकारी मिलते ही उन्होंने मुनादी कराकर ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।


