छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ग्राम सोड़का का रहने वाला तेजप्रताप चौहान (19) और उसका साथी अनुराग चौहान काॅलेज की पढ़ाई करते थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे दोनों सेकेंड ईयर की परीक्षा देने के लिए बारद्वार जा रहे थे। गांव से बाइक से निकले और पलगढ़ा पहाड़ के पास जब वे पहुंचे। तभी पीछे से आ रही अज्ञात वाहन के चालक ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक से दूर छिटककर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां कुछ देर में तेजप्रताप चौहान की मौके पर मौत हो गई। पुलिस को दी गई सूचना घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जहां तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उठाकर अस्पताल ले आई। डाॅक्टर ने घायल अनुराग को इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। आरोपी की पतासाजी शुरू वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है। बताया जा रहा है कि एनएच रोड पर वाहनों की रफ्तार निर्धारित गति से तेज होती है। फिलहाल, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।


