सरगुजा जिले के रीरी पहाड़ पर नर कंकाल मिला है। युवक की शिनाख्त कर ली गई है। वह 2 सप्ताह पहले घर से किसी को बिना कुछ बताए निकला था। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने भी मामले की जांच की। युवक के मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामला लुण्ड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के रीरी पहाड़ में ग्रामीण घूमने गए थे। तेज बदबू आने पर उस स्थान की ओर गए तो वहां एक नर कंकाल पड़ा दिखा। इसकी सूचना लुण्ड्रा पुलिस को दी गई। लुण्ड्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नर कंकाल को जब्त किया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। 2 सप्ताह से लापता था मृतक युवक की शिनाख्त ग्राम कोइलारी निवासी महेश कुजूर (39) के रूप में की गई है। उसकी गुमशुदगी की सूचना लुण्ड्रा थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने कपड़ों से मृतक की शिनाख्त कर ली है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद नर कंकाल परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि महेश कुजूर 13 दिनों पहले परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकला था और फिर नहीं लौटा। आज उसका नर कंकाल मिला है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका भी जताई है। शव की शिनाख्त के लिए होगा DNA टेस्ट लुण्ड्रा थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान के लिए उसका DNA टेस्ट भी कराएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


