धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में एक बच्चे से मारपीट के विरोध में आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने थाना का घेराव कर दिया। आरोप है कि राजद नेता तारापदो धीवर ने रामकनाली स्थित काली मंदिर के पास एक आदिवासी बच्चे के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इस घटना में बच्चे के गाल पर चोट आई है। घटना की जानकारी मिलते ही लोग पहले तारापदो के घर पहुंचे। वहां उनके नहीं मिलने पर लोग निरसा थाना पहुंच गए। लोगों ने थाना का घेराव कर तारापदो को गिरफ्तार करने की मांग की। अवैध कोयला संचालकों ने लोगों को भड़काया: तारापदो धीवर
इधर, तारापदो धीवर ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि काली मंदिर के पास कुछ लोग साइकिल से अवैध कोयला ले जा रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया था। अवैध कोयला संचालकों के भड़काने पर लोगों ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं। वहीं, मामले को शांत कराने के लिए निरसा एसडीपीओ ने 24 घंटे के भीतर तारापदो धीवर की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने घेराव समाप्त कर दिया।


