भास्कर न्यूज | जांजगीर नौकरी लगाने के नाम पर आठ लाख की ठगी करने वाले फरार आरोपी मुकेश आदित्य को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुकेश 50 साल का है। वह केरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। उसे 21 मई को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। प्रकरण में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शिकायत देवनारायण कश्यप, निवासी रविदास चौक, जांजगीर ने दर्ज कराई थी। उसने बताया कि आरोपी बुधराम भारद्वाज, जुज्जावारापू श्रीनिवास और उनके साथियों ने आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास में नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग लोगों से कुल आठ लाख रुपए लिए। न नौकरी मिली, ना पैसे लौटाए। शिकायत पर थाना जांजगीर में धारा 420, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। तीसरा आरोपी मुकेश आदित्य घटना के बाद से फरार था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसे रायपुर से पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की बात कबूल की। उसे न्यायालय में पेश किया गया।


