मिस्टर एशिया व मिस्टर वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग के लिए पंजाब टीम का चयन, लुधियाना के खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करेंगे

भास्कर न्यूज | लुधियाना विश्व बॉडीबिल्डर फेडरेशन द्वारा आयोजित की जाने वाली मिस्टर एशिया (17 से 25 अगस्त, बैंकॉक) और मिस्टर वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप (11 से 17 नवंबर, इंडोनेशिया) के लिए पंजाब टीम का चयन लुधियाना में किया गया। जिम टाउन जिम में पंजाबी एमेच्योर बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चयन ट्रायल में कई जिलों से आए बॉडीबिल्डर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान चयनित खिलाड़ी पहले पंजाब टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, इसके बाद वे 2 और 3 जून को पुणे में होने वाले भारतीय टीम के चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इस चयन प्रक्रिया में इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन के कैशियर नवनीत सिंह, उत्तर भारत बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन के चेयरमैन रमेश बागड़, पंजाबी एमेच्योर बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन के महासचिव मोनू सभरवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका में अशोक राणा, रघुराज और जसप्रीत ने जजमेंट किया। महासचिव मोनू सभरवाल ने बताया कि विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों का चयन किया गया। 60 किलोग्राम में सोमन, 80 किग्रा में जगजीत, 85 किग्रा में पंकज, 100 किग्रा में सुखदीप सिंह सेखो और 100+ किग्रा में अमरिंदर सिंह का चयन किया गया। पुरुष फिजिक कैटेगरी में सौरव ज्ञान शर्मा लखपत और महिला कैटेगरी में सुहानी दास को चुना गया। रमेश बागड़ ने कहा कि यह लुधियाना के लिए गर्व की बात है कि यहां से चयनित खिलाड़ी पंजाब और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करेंगे। इस मौके पर जिला बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन से संयुक्त सचिव गुरजिंदर मैके और संजय अचो भी मौजूद रहे। चयन प्रक्रिया बेहद पारदर्शी रही और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर फाइनल टीम तय की गई। आयोजकों ने बताया कि खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए विशेष ट्रेनिंग सेशन और डाइट सपोर्ट भी मुहैया कराया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *