सेहत के लिए फायदेमंद है ग्रीन टी, सही से सेवन करें

भास्कर न्यूज| लुधियाना ग्रीन टी को दुनिया की सबसे हेल्दी ड्रिंक्स में से एक माना जाता है। इसमें ऐसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते ​हैं, जो शरीर को कई तरह की बीमारियों से बचाते हैं। डाइटिशियन के मुताबिक सबसे प्रमुख फायदा इसका वेट लॉस में योगदान है। ग्रीन टी मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करती है और फैट बर्निंग प्रोसेस को तेज करती है। अगर इसे सुबह खाली पेट या वर्कआउट के बाद लिया जाए तो वजन घटाने में मदद मिल सकती है। यह दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद है, क्योंकि यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करती है और कोलेस्ट्रॉल लेवल को घटाती है। ग्रीन टी का सेवन करने से दिमाग की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। इसके अलावा, यह डाइजेशन में सुधार करती है, स्किन को हेल्दी बनाती है और शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालती है। नियमित सेवन से त्वचा में चमक आती है और मुंहासे जैसी समस्याएं कम होती हैं। ग्रीन टी सेहत के लिए फायदेमंद है, बशर्ते इसका सेवन सीमित मात्रा में और सही समय पर किया जाए। इसे हेल्दी लाइफस्टाइल और संतुलित डाइट के साथ ही अपनाएं, ताकि इसके फायदे लंबे समय तक मिलते रहें और कोई नुकसान न हो। ग्रीन टी के फायदे कई हैं, लेकिन इसका अत्यधिक सेवन शरीर पर उल्टा असर डाल सकता है। एक दिन में 2-3 कप से ज्यादा ग्रीन टी पीना नुकसानदायक हो सकता है। इसमें मौजूद कैफीन की अधिक मात्रा से नींद न आना, बेचैनी, पेट में गैस या एसिडिटी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। जो लोग आयरन की कमी से जूझ रहे हैं, उन्हें भोजन के साथ ग्रीन टी नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि यह आयरन के अवशोषण को कम कर सकती है। गर्भवती महिलाओं या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी डॉक्टर की सलाह लेकर ही इसका सेवन करना चाहिए। ग्रीन टी का सबसे सही समय सुबह खाली पेट नहीं, बल्कि हल्का नाश्ता करने के 30 मिनट बाद होता है। इससे यह पेट पर ज्यादा असर नहीं डालती। आप इसे दोपहर के खाने के एक घंटे बाद या शाम के वक्त भी ले सकते हैं। वर्कआउट के बाद भी ग्रीन टी लेना अच्छा विकल्प है। ग्रीन टी में चीनी नहीं मिलानी चाहिए क्योंकि इससे इसके फायदे कम हो सकते हैं। यदि आपको हल्की मिठास चाहिए तो आप शहद की कुछ बूंदें मिला सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गर्म न हो, क्योंकि ज्यादा गर्म पानी में शहद मिलाने से इसके गुण खत्म हो सकते हैं। गुनगुने पानी में शहद डालना सबसे बेहतर होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *