लुधियाना| होटल नागपाल रीजेंसी में डेकोरेशन का काम करने गए युवक से दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं। पीड़ित तुषार भल्ला निवासी दुगरी ने आरोप लगाया कि 30 मार्च को काम के सिलसिले में होटल मालिक से मिलने गया था, लेकिन होटल में मौजूद निखिल अरोड़ा व उसके साथियों ने उसे बुरी तरह पीटा, बाथरूम में ले जाकर कपड़े उतरवाए और नग्न कर दिया। फिर प्राइवेट पार्ट में चम्मच का पिछला हिस्सा डाल दिया। इस घिनौनी हरकत की वीडियो भी बनाई और विरोध पर उसकी कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी गई। तुषार के मुताबिक, आरोपियों ने उल्टा उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस से छूटने के बाद उसने मेडिकल करवाया तो एक कान की सुनने की क्षमता चली गई थी। तुषार ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी, जिसके आधार पर एसीपी स्तर पर जांच हुई। आरोप सही पाए गए और पुलिस ने निखिल अरोड़ा, हर्ष कुमार अरोड़ा, लवीश अरोड़ा, गगन मागो, पवनपाल सिंह सचदेवा, जिम्मी छाबड़ा, शादी लाल भोला, सचिन सराफ, हरीश अरोड़ा समेत 9 अज्ञात सहित कुल 18 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


